RSS के प्रांत प्रचारक पहुंचे सहायता केंद्र, कोरोना मरीजों के लिए बन रहा खाना जांचा
नगर संघचालक रमेश बंसल ने बताया कि लगभग 150 कोविड-19 पीड़ित परिवारों को नियमित रूप से भोजन स्वयंसेवक पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार दवाइयां भी दी जा रही हैं। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भोजन वितरण के कार्य में लगे हुए हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोविड-19 पीड़ित परिवारों के लिए चल रहे सहायता केंद्र का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक नरेंद्र, सेवा भारती के अध्यक्ष अमृत सागर, विभाग संघचालक त्रिलोकी नाथ गोयल ने निरीक्षण किया।उन्होंने स्वयंसेवकों के कार्य की जानकारी ली। इस मौके पर नगर संघचालक रमेश बंसल ने बताया कि लगभग 150 कोविड-19 पीड़ित परिवारों को नियमित रूप से भोजन स्वयंसेवक पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार दवाइयां भी दी जा रही हैं। अजय महाजन, ललित सेंगर, मुनेश शर्मा, राजेंद्र सिंह रावत, अनुपम मिश्रा, हरि ओम सहित कई स्वयंसेवक भोजन वितरण के काम में लगे हुए हैं।
स्वयंसेवक स्वयं भोजन पैक कर रहे हैं और कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए घर-घर समय पर पहुंचा रहे हैं। कोई भी पीड़ित परिवार सुबह 10 बजे तक दोपहर के लिए और शाम को चार बजे से पहले रात्रि के लिए भोजन मंगवाने की जानकारी देता है तो उसको स्वयंसेवक भोजन और अन्य आवश्यक सामान दिए गए पते पर पहुंचा देते हैं।
इस मौके पर प्रांत सेवा प्रमुख नरेंद्र और सेवा भारती चंडीगढ़ के महामंत्री नरेंद्र पांडे, प्रधानाचार्य संजय शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रांत प्रचारक नरेंद्र ने कहा कि इस आपदा के समय जब जब लोग भय के कारण घर से नहीं निकल रहे हैं, ऐसे में स्वयंसेवकों की ओर से भोजन वितरण, ऑक्सीजन आपूर्ति, दवाइयों की व्यवस्था करना व कोविड-19 केंद्र चलाकर सेवा करना बड़ा ही सुखद कार्य है। यह कार्य दूसरों को प्रेरणा देने वाला है। इस समय सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। इसलिए सेवा करने वालों को इसे अपने जीवन में उतारना चाहिए।